April 17, 2026

गाजा में तबाही का मंजर! 10 दिनों में 322 बच्चों की मौत, 15,000 से ज्यादा मासूमों ने गंवाई जान

नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क। गाजा में इजरायल के ताजा हमले के चलते हालात और भीषण हो गए हैं। संयुक्त राष्ट्र बाल एजेंसी (यूनिसेफ) के मुताबिक, पिछले 10 दिनों में कम से कम 322 बच्चे मारे गए और 609 से अधिक घायल हो गए। 23 मार्च को दक्षिणी गाजा के अल नासर अस्पताल के सर्जिकल विभाग पर हुए हमले में भी कई मासूमों ने अपनी जान गंवा दी।

गाजा में बमबारी से चारों तरफ तबाही

इजरायल ने 18 मार्च को हमास के खिलाफ फिर से गाजा पर भीषण बमबारी और जमीनी हमले शुरू कर दिए। लगभग दो महीने के संघर्ष विराम के बाद यह हमला और घातक साबित हुआ। यूनिसेफ की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 15,000 से ज्यादा बच्चों की जान जा चुकी है, 34,000 से अधिक घायल हैं और करीब 10 लाख बच्चे बार-बार विस्थापन की मार झेल रहे हैं।

युद्ध के चलते हजारों बच्चे अस्थायी तंबुओं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके घरों में रहने को मजबूर हैं। हालात इतने बदतर हो गए हैं कि कई बच्चों को बुनियादी जरूरतें—खाद्य सामग्री, साफ पानी और चिकित्सा सेवाएं—नहीं मिल पा रही हैं।

गाजा में मानवीय संकट गहराया, कुपोषण और बीमारियों का खतरा बढ़ा

यूनिसेफ ने चेतावनी दी है कि भोजन, सुरक्षित पानी, आश्रय और स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार कमी के कारण गाजा में बच्चों पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। अगर हालात जल्द नहीं सुधरे तो कुपोषण और घातक बीमारियों से हजारों और बच्चों की जान जा सकती है।

यूनिसेफ के मुताबिक, गाजा में चिकित्सा सहायता बेहद जरूरी है। बीमार और घायल बच्चों को तुरंत सुरक्षित निकाला जाना चाहिए।

यूनिसेफ का इजरायल से मानवीय सहायता प्रतिबंध हटाने की अपील

यूनिसेफ ने इजरायल से गाजा में मानवीय सहायता पर लगे प्रतिबंध हटाने की मांग की। यह प्रतिबंध 2 मार्च से लागू है, जिससे चिकित्सा और खाद्य आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है।

यूनिसेफ ने अपने बयान में कहा, “अगर जरूरी आपूर्ति जल्द उपलब्ध नहीं कराई गई, तो बाल मृत्यु दर में और इजाफा होगा।”

क्या युद्ध कभी थमेगा?

गाजा में हालात लगातार बदतर हो रहे हैं। मासूम बच्चों की मौतें और मानवीय संकट गहरे जख्म दे रहे हैं। क्या इजरायल और हमास के बीच यह युद्ध कभी थमेगा? क्या हजारों बच्चों की मौत से सबक लिया जाएगा? या फिर यह संघर्ष आने वाले दिनों में और भयावह रूप लेगा? पूरी दुनिया इन सवालों का जवाब चाहती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!