लखनऊ में टेढ़ीपुलिया रिंगरोड पर तेज़ रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, बाइक सवार घायल
लखनऊ के खुर्रमनगर ओवरब्रिज पर सोमवार शाम एक तेज़ रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया। उसके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद कार सवार घटनास्थल से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि कार सवार अपनी गाड़ी से बाहर नहीं निकला। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बावजूद वह अंदर ही बैठा रहा और केवल कार का शीशा खोलकर बातचीत करता रहा।
जब घायल बाइक सवार ने कार सवार से मुआवजे की मांग की, तो कार सवार ने उसे मरम्मत का खर्च देने की बात कही। लेकिन इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई और कार सवार ने गाली-गलौच शुरू कर दी। यह देख वहां मौजूद लोगों ने कार सवार को घेर लिया और दबाव बनाया कि वह सही तरीके से मुआवजा दे।
काफी मशक्कत के बाद कार सवार ने बाइक की मरम्मत करवाने की बात मानी, लेकिन बाइक सवार ने 50,000 रुपये का मुआवजा मांगा। इस पर विवाद और बढ़ गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बातचीत के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
Share this content:
