पटना: रिटायर्ड डीएसपी के मकान और दुकान में चोरी, लाखों का सामान ले उड़े चोर
राजधानी पटना में एक बार फिर चोरों का आतंक देखने को मिला है। पीरबहोर थाना क्षेत्र के बिड़ला मंदिर रोड स्थित रिटायर्ड डीएसपी दिवंगत राम लखन सिंह के मकान और उसमें मौजूद दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर और दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के गहने, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
किरायेदार के जाते ही चोरों ने बोला धावा
रिपोर्ट के मुताबिक, दिवंगत डीएसपी राम लखन सिंह के पुत्र राजीव रंजन, जो वर्तमान में पुणे में रहते हैं, का यह मकान लंबे समय से बंद था। यहां सिर्फ एक किरायेदार रह रहे थे, जो 27 फरवरी को अपने गांव किसी परिजन के श्राद्ध में गए थे। जब वे आज पटना लौटे, तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ था। घबराकर उन्होंने तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी। जब दुकान मालिक पहुंचे, तो पाया कि दुकान के अंदर का गेट भी तोड़ दिया गया था। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
चोरों ने उड़ाए नकदी, गहने और दुकान का सामान
दुकानदार ने बताया कि चोरों ने दुकान से करीब 15 हजार रुपये नकद, 10 पीस डेयरी मिल्क चॉकलेट, चार किलो घी, और एक एप्पल का मोबाइल फोन चुरा लिया। वहीं, मकान में रखे लाखों के गहनों और नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया गया।
राजीव रंजन ने बताया कि चोरों ने अलमारी से 100 चांदी के सिक्के, 25 हजार रुपये कैश, चार जोड़ी चांदी की पायल, चांदी का कटोरा, प्लेट, और भगवान के चार चांदी के मुकुट भी चुरा लिए। चोरों ने इतनी सफाई से चोरी को अंजाम दिया कि उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खोलकर नीचे रख दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीरबहोर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि कोई सुराग मिल सके।
स्थानीय लोगों में बढ़ी दहशत
इस घटना के बाद स्थानीय लोग डरे हुए हैं और इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Share this content:
