महाकुंभ के समापन पर सीएम योगी का बड़ा ऐलान: सफाई कर्मचारियों को मिलेगा 10 हजार रुपये बोनस, 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने लिया भाग!
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ का 45 दिन लंबा ऐतिहासिक आयोजन 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन अपने समापन को पहुंचा। 13 जनवरी से शुरू हुआ यह मेला 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं का आस्था का केंद्र बना। समापन के बाद भी श्रद्धालुओं का आगमन जारी है, और गुरुवार को मेला ग्राउंड में भव्य समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफाई कर्मचारियों, नाविकों, और पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज अब एक आधुनिक शहर बन चुका है और इस आयोजन में हर विभाग का योगदान था। उन्होंने महाकुंभ के दौरान यूपी में किए गए सबसे बड़े सफाई अभियान के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का जिक्र किया, जहां यूपी सरकार ने एक नई मिसाल पेश की।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि महाकुंभ के सफाईकर्मियों को 10 हजार रुपये का अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा, और स्वास्थ्य कर्मचारियों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा भी मिलेगा, जो अप्रैल से उनके खातों में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
सीएम योगी ने आगे कहा कि महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया, और इस दौरान न कोई अपराध, न कोई हिंसा, न ही किसी प्रकार की अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। उन्होंने विपक्ष द्वारा किए गए दुष्प्रचार का कड़ा विरोध किया और कहा कि, “विरोधियों ने इस आयोजन को बदनाम करने की कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन जनता ने उनका खंडन कर दिया और साबित कर दिया कि वे दुष्प्रचार में नहीं आएंगे।”
सीएम योगी ने महाकुंभ के आयोजन को ऐतिहासिक बताया और कहा कि, “यह आयोजन प्रयागराज को स्मार्ट सिटी के रूप में उभारने में सहायक रहा है। इस आयोजन में प्रयागराज के लोगों ने अपने घर का आयोजन मानकर योगदान दिया, जिसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं।”
महाकुंभ 2025 के लिए सीएम योगी ने भरोसा जताया और कहा कि इस आयोजन में हर विभाग ने बखूबी सहयोग किया। उनके मुताबिक, महाकुंभ एक एतिहासिक धार्मिक और सांस्कृतिक समागम के अलावा, उत्तर प्रदेश की बढ़ती सशक्त अर्थव्यवस्था का भी प्रतीक बन चुका है।
Share this content:
