April 22, 2026

असम में आधी रात को कांपी धरती, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग!

मोरीगांव: असम के मोरीगांव इलाके में गुरुवार तड़के 2:25 बजे तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.0 मापी गई, और यह 16 किलोमीटर की गहराई में था। हालांकि, अभी तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

 

घर हिले, खिड़कियां खड़खड़ाईं!

 

मोरीगांव और आसपास के इलाकों में झटके इतने तेज थे कि घरों के अंदर रखा सामान हिलने लगा, खिड़कियां और दरवाजे खड़खड़ाने लगे। घबराए लोग फौरन अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। विशेषज्ञों के मुताबिक, 5.0 तीव्रता का भूकंप मॉडरेट कैटेगरी में आता है, जिसमें हल्का नुकसान संभव है, लेकिन यह अत्यधिक विनाशकारी नहीं होता।

 

बीते महीने भी हिली थी धरती

 

असम में भूकंप का यह पहला झटका नहीं है। 24 जनवरी को भी 4.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिसने लोगों को डरा दिया था। उस समय भी पूर्वोत्तर राज्यों में झटके महसूस किए गए थे, लेकिन किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं आई थी।

 

दिल्ली भी रह चुकी है भूकंप के खौफ में

 

सिर्फ असम ही नहीं, दिल्ली भी हाल ही में भूकंप के झटकों से दहली थी। 17 फरवरी की सुबह 5:36 बजे राजधानी में 4.0 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। अचानक आए झटकों से लोगों की नींद खुल गई, बेड हिलने लगे, खिड़कियां और दरवाजे आवाज करने लगे। भूकंप का केंद्र दिल्ली के धौला कुआं इलाके में 5 किलोमीटर की गहराई में था।

 

क्या खतरे की ओर बढ़ रहा है भारत?

 

लगातार आ रहे भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत का पूर्वोत्तर इलाका सिस्मिक जोन V में आता है, जहां बड़े भूकंप की संभावना हमेशा बनी रहती है। ऐसे में प्रशासन और जनता को सतर्क रहने की जरूरत है।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!