प्रधानमंत्री मोदी 12 मार्च को मॉरीशस के स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में होंगे शामिल, रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की ओर एक और कदम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 मार्च को मॉरीशस की यात्रा करेंगे, जहां वे देश के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में शामिल होंगे। मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम ने राष्ट्रीय सभा में इस बात का ऐलान किया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनके निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
डॉ. रामगुलाम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके देश के लिए सम्मान की बात है कि पीएम मोदी अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद मॉरीशस की 57वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ पर इस आयोजन में शामिल होने के लिए सहमत हुए। उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए एक बड़ा सौभाग्य है कि एक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व हमारे राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होंगे।” पीएम मोदी की यह यात्रा भारत और मॉरीशस के बीच घनिष्ठ और मजबूत रिश्तों का प्रतीक मानी जा रही है।
इससे पहले, पिछले साल 2024 में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मॉरीशस के 56वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की थी। वहीं, पीएम मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम को हाल ही में उनकी ऐतिहासिक चुनावी जीत के लिए बधाई दी थी और भारत आने का निमंत्रण भी दिया था।
भारत और मॉरीशस के रिश्ते ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से गहरे हैं। मॉरीशस में भारतीय मूल के लोगों की बड़ी संख्या है, जो दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाते हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, मॉरीशस में करीब 8 लाख 94 हजार भारतीय और भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो इस साझेदारी की अहमियत को बढ़ाते हैं।
इस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाने के एक अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है।
Share this content:
