अयोध्या राम मंदिर परिसर में गिरा ड्रोन, हड़कंप मचने से भगदड़ की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
अयोध्या से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां राम मंदिर परिसर में भारी भीड़ के बीच सोमवार शाम अचानक एक ड्रोन गिर पड़ा। इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में भगदड़ मचने की आशंका जताई जा रही है।
महाकुंभ के दौरान राम मंदिर के दर्शन के लिए आए श्रद्धालु कतार में खड़े थे, तभी एक ड्रोन उनके ऊपर गिरा। मंदिर परिसर में तैनात पुलिस ने तुरंत ड्रोन को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू की। माना जा रहा है कि यह हरकत किसी ने जानबूझकर की, ताकि लोगों के बीच भगदड़ मचाई जा सके। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित की तलाश कर रही है।
सोमवार शाम के वक्त राम मंदिर परिसर में भारी भीड़ थी, क्योंकि महाकुंभ के चलते हजारों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे थे। भीड़ का दबाव इतनी अधिक था कि प्रशासन को कई वाहनों को शहर से 25 किलोमीटर दूर रोकने का फैसला करना पड़ा, जिससे यात्री परेशान हो गए।
इस बीच, शहर में बढ़ती भीड़ और अपर्याप्त पुलिस तैनाती के कारण सड़कें खचाखच भर गईं, जिससे शहर में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। कुछ श्रद्धालुओं ने बैरिकेड्स भी तोड़ दिए, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई।
सड़कों पर भारी भीड़ के कारण यातायात बाधित हो गया और अयोध्या की संकरी गलियां पूरी तरह से अवरुद्ध हो गईं, जिससे स्थानीय प्रशासन को और अधिक चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
Share this content:
