‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद: समय रैना को 18 फरवरी को पेश होने का आदेश, साइबर सेल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया इनकार
यूट्यूब शो इंडियाज गॉट लेटेंट में विवाद उठने के बाद कॉमेडियन समय रैना अब महाराष्ट्र साइबर सेल के निशाने पर हैं। शो में अभद्रता और अश्लीलता को बढ़ावा देने के आरोपों के बाद महाराष्ट्र साइबर सेल ने समय रैना समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस विवाद में समय रैना को 18 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से अपना बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया गया है।
समय रैना फिलहाल अमेरिका में हैं और उन्होंने महाराष्ट्र साइबर सेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपना बयान दर्ज कराने की अनुमति मांगी थी, क्योंकि वे 17 मार्च से पहले भारत लौटने में असमर्थ हैं। रैना का कहना है कि वे अमेरिका में अपने स्टैंडअप शो के सिलसिले में हैं और इस दौरान उनकी कई वर्क कमिटमेंट्स हैं, जिसके चलते वे भारत नहीं आ सकते।
हालांकि, साइबर सेल ने उनका यह अनुरोध खारिज कर दिया और उन्हें स्पष्ट रूप से कहा कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बयान स्वीकार नहीं किया जाएगा। साइबर सेल ने आदेश दिया है कि समय रैना को 18 फरवरी को स्वयं उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराना होगा।
इस मामले में, समय रैना के अलावा यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया, अपूर्वा मखीजा और अन्य के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर आरोप है कि इंडियाज गॉट लेटेंट शो के जरिए उन्होंने अश्लीलता और अभद्रता को बढ़ावा दिया। इस विवाद के बाद से समय रैना ने फिलहाल अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन मामले में ताजे घटनाक्रम के बाद उनकी ओर से बयान आ सकता है।
Share this content:
