April 17, 2026

बिहार में चोरों का आतंक, रिटायर्ड दरोगा के घर की चोरी में 20 लाख की संपत्ति गायब, पुलिस जांच में जुटी

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में चोरों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि पुलिस कर्मियों के घर भी इनसे सुरक्षित नहीं हैं। शुक्रवार की रात जिले के कांटी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक रिटायर्ड दरोगा के घर पर धावा बोल दिया और लाखों की संपत्ति चुराकर फरार हो गए। शनिवार को जब रिटायर्ड दरोगा रामबाबू ठाकुर को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने कांटी थाना पुलिस में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

रामबाबू ठाकुर, जो साइन बृजलाल गांव के निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि चोरों ने उनके घर के मेन गेट का ताला काटकर घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर उनके घर से आभूषण, नकदी और घर के बाहर खड़ी कार को चुरा ले गए। चोरी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। ठाकुर ने बताया कि वह अपने बेटे से मिलने दिल्ली गए थे और शनिवार की सुबह जब उन्हें पड़ोसियों से चोरी की जानकारी मिली, तो वह तुरंत वापस लौटे।

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए घर के सामने स्थित खेत से एक टूटा हुआ ट्रंक, सूटकेस और कुछ कपड़े आदि बरामद किए। इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि चोरों ने दो मोबाइल फोन भी चुराए थे, लेकिन पकड़े जाने के डर से वह उन मोबाइल्स को वहीं फेंककर भाग गए। कांटी थाना प्रभारी पुरुषोत्तम यादव के मुताबिक चोर काफी शातिर थे और उन्हें इस बात का अंदाजा था कि चोरी के मोबाइल के जरिए उनका पकड़ा जाना मुश्किल नहीं होगा, इसलिए उन्होंने मोबाइल और अन्य सामान खेत और लीची के बाग में फेंक दिए।

हालांकि, चोरों ने जिस कार को चुराया, उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है और संदेह के आधार पर इलाके में दबिश तेज कर दी है। पुलिस को शक है कि इस वारदात में कोई स्थानीय व्यक्ति शामिल हो सकता है। पुलिस ने मामले की हर संभव दिशा में जांच जारी रखी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!