April 17, 2026

राहुल गांधी का हमला: अमेरिका में भी मोदी ने अडानी के भ्रष्टाचार पर क्यों चुप्पी साधी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय अमेरिका यात्रा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर उद्योगपति गौतम अडानी का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने अमेरिका में भी अडानी के भ्रष्टाचार पर पर्दा डाल दिया।

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब पीएम मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत की। इस दौरान मीडिया ने उनसे अडानी के खिलाफ अमेरिका के न्याय विभाग द्वारा लगाए गए रिश्वतखोरी के आरोपों पर सवाल किया। पीएम मोदी ने जवाब दिया कि “दो देशों के नेता व्यक्तिगत मामलों पर चर्चा नहीं करते हैं,” जिससे यह मामला और गर्म हो गया।

राहुल गांधी ने इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, “देश में सवाल पूछो तो चुप्पी, विदेश में पूछो तो निजी मामला! अमेरिका में भी मोदी जी ने अडानी जी के भ्रष्टाचार पर पर्दा डाल दिया! जब मित्र की जेब भरना मोदी जी के लिए राष्ट्र निर्माण है, तब रिश्वतखोरी और देश की संपत्ति को लूटना व्यक्तिगत मामला बन जाता है।”

क्या थे अडानी ग्रुप पर आरोप? नवंबर 2024 में जब अमेरिका में जो बाइडेन की सरकार थी, तब गौतम अडानी और अडानी एनर्जी के अधिकारियों पर सोलर एनर्जी कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए 2100 करोड़ रुपये की रिश्वतखोरी के आरोप लगे थे। अमेरिकी कोर्ट ने इन पर रिश्वत देने का आरोप लगाया था। लेकिन ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद न्याय विभाग ने उस 50 साल पुराने कानून को निरस्त कर दिया था जिसके तहत अडानी पर यह आरोप लगाए गए थे। अडानी ग्रुप ने इन आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि वे पूरी तरह से कार्यवाही का पालन कर रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!