पटना में दिल दहला देने वाली घटना! 8 साल की बच्ची को कुचलकर 10 किलोमीटर तक घसीटता रहा पिकअप वैन
पटना: बिहार के पटना से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। 8 साल की मासूम बच्ची को एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने टक्कर मार दी और ड्राइवर ने गाड़ी रोके बिना उसे 10 किलोमीटर तक घसीटा, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा और दर्दनाक बना ड्राइवर की बेरहमी
यह भयावह घटना खुसरूपुर थाना क्षेत्र के हरदास बीघा में घटी। मृतका सुहानी कुमारी (8) अपने मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने आई थी। देर रात जब वह सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उसे कुचल दिया। बच्ची वैन के टायरों के बीच फंस गई, लेकिन ड्राइवर रुका नहीं और उसे घसीटते हुए फरार हो गया।
गिरफ्तारी और परिजनों का आक्रोश
स्थानीय लोगों ने गाड़ी का पीछा किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सालिमपुर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया और वैन जब्त कर ली। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
परिजनों की मांग—सख्त सजा मिले
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की बहन सोनी कुमारी ने कहा, “हम कुछ समझ भी नहीं पाए, बस खट की आवाज आई और लोग चिल्लाने लगे। पिकअप वैन रुकी नहीं, बच्ची को घसीटते हुए चली गई। ड्राइवर को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”
अब क्या होगा आगे?
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर पर गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी को कठोरतम सजा देने की मांग की है। अब देखना होगा कि कानून इस मामले में कितनी सख्त
कार्रवाई करता है।
Share this content:
