सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की जल्द वापसी – NASA का अचानक फैसला क्यों?
NASA के दो अनुभवी अंतरिक्ष यात्रियों सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की धरती पर वापसी तय समय से पहले हो सकती है। स्पेस एजेंसी ने इस फैसले के पीछे स्पेसएक्स के कैप्सूल में बदलाव को मुख्य कारण बताया है। इससे पहले इनकी मार्च के अंत या अप्रैल में वापसी तय थी, लेकिन अब यह मार्च के मध्य में ही लौट सकते हैं।
8 महीने के मिशन में दो हफ्तों की कटौती!
दोनों अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर पिछले आठ महीने से मौजूद हैं। NASA के इस निर्णय के चलते उनके मिशन की अवधि में दो सप्ताह की कटौती की जा रही है।
कैप्सूल बदला, मिशन में देरी – आखिर क्या हुआ?
NASA के वाणिज्यिक चालक दल प्रोग्राम के मैनेजर स्टीव स्टिच के अनुसार, मानव अंतरिक्ष उड़ानें अप्रत्याशित चुनौतियों से भरी होती हैं। दरअसल, बोइंग के स्टारलाइनर कैप्सूल को लेकर आई तकनीकी दिक्कतों के चलते इसे खाली वापस लाने का फैसला किया गया। इसके कारण सुनीता विलियम्स और विल्मोर को स्पेसएक्स के नए कैप्सूल से वापस भेजने की योजना बनाई गई।
हालांकि, स्पेसएक्स के नए कैप्सूल की तैयारी में अधिक समय लगने के कारण मिशन में और देरी हुई। इस देरी से बचने के लिए NASA ने पुराने कैप्सूल का उपयोग करने का निर्णय लिया, जिससे 12 मार्च को नया चालक दल अंतरिक्ष में भेजा जाएगा और उसके बाद मौजूदा चालक दल की वापसी होगी।
720 घंटे में होगी वापसी – लेकिन क्या सब कुछ योजना के मुताबिक होगा?
NASA चाहता है कि ISS में मौजूद पुराने चालक दल को वापस भेजने से पहले नया दल वहां पहुंच जाए। 12 मार्च को लॉन्च होने वाले नए दल में NASA के दो अंतरिक्ष यात्री, एक जापानी और एक रूसी यात्री शामिल होंगे।
इसी बीच, ह्यूस्टन की निजी स्पेस कंपनी Axiom Space की एक प्राइवेट फ्लाइट, जिसमें भारत, हंगरी और पोलैंड के अंतरिक्ष यात्री शामिल थे, को फिलहाल टाल दिया गया है। इसे बाद में ISS पर भेजा जाएगा।
अब बड़ा सवाल यह है – क्या सुनीता विलियम्स और विल्मोर की वापसी बिना किसी नई बाधा के हो पाएगी? या इस मिशन में और कोई नया मोड़ आएगा? NASA के इस अचानक फैसले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब आने वाले दिनों
में मिल सकते हैं!
Share this content:
